अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (सीपीआई) का नौवां दो दिवसीय राज्य सम्मेलन शनिवार को सेवा समिति धर्मशाला में शुरू हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि शमीम फैजी ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद देश के संसाधनों व राष्ट्रीय संपत्ति को बेचने की गति तेजी से बढ़ी हैं, गरीबों पर महंगाई लादकर सरकार पूंजीपतियों कारपोरेट के हित साधने में लगी है।
सम्मेलन के अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डा. गिरीश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश से लेकर समूचे देश में मोदी-योगी व भाजपा की तमाम सरकारें विकास, रोजगार, बढ़ती महंगाई से जनता का ध्यान भटकाने के लिए दंगा, सांप्रदायिकता फैलाकर भ्रम फैला रही हैं। उन्होंने कहा कि देश को गुमराह करने के लिए आए दिन जुमलेबाजी हो रही है, सभी सरकारी संस्थानों यहां तक कि न्यायपालिका पर भी संघी दबाव से देश में लोकतंत्र पर फांसीवादी हमला स्पष्ट हो रहा है। सम्मेलन में राज्य सचिव आनंद सिंह राणा ने कहा कि राज्य सम्मेलन में राष्ट्रीय व उत्तराखंड राज्य के राजनीतिक मसलों पर चर्चा की जाएगी व सांगठनिक चुनाव के माध्यम से राज्य कमेटी का चुनाव किया जाएगा। सम्मेलन में ललिता प्रसाद भट्ट, हंसा रावत, शुशील कुमार, महेंद्र वर्मा, महावीर भट्ट, नरेंद्र रावत, जीत सिंह नेगी, समर भंडारी, महावीर बुटोला, विनोद जोशी, दिनेश नौटियाल, विजयपाल, मुनारिका यादव आदि मौजूद रहे।