हरिद्वार।
दो अप्रैल को एससी/एसटी एक्ट में बदलाव के विरोध में हुए बवाल से सबक लेते हुए हरिद्वार पुलिस 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती पर रिस्क लेने के मूड में नहीं है। इसलिए 14 अप्रैल को जिले की सुरक्षा की कमान पैरामिलिट्री फोर्स को भी सौंप दी गई है। पूरे जिले में विशेषकर देहात क्षेत्र में तीन कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की जाएगी। एसएसपी ने साफ तौर पर निर्देश दिए है कि किसी भी हुड़दंगी को बख्शा नहीं जाएगा।
बुधवार को एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती को लेकर अधीनस्थों के साथ बैठक की। बैठक में एसएसपी ने कहा कि हुड़दंगी चाहे जो भी हो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। किसी भी सूरत में जिले का माहौल खराब करने की इजाजत किसी को भी नहीं दी जाएगी। एसएसपी ने कहा कि सभी एसओ इंस्पेक्टर अपने अपने क्षेत्र में आमजन से संवाद स्थापित कर लें ताकि भ्रम की स्थिति न बनी रहे। असामाजिक तत्वों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। एसएसपी ने बताया कि जिले भर में तीन कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की जाएगी। खासतौर पर देहात क्षेत्र में पुलिस का फोकस रहेगा। एसएसपी कृष्णकुमार वीके ने बताया कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि झबरेड़ा, भगवानपुर, मंगलौर और लक्सर क्षेत्र पर ज्यादा फोकस रखा जा रहा है।