ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
दिल्ली में विशेष समुदाय के लोगों द्वारा 100 वर्ष से भी अधिक पुराने देवी मंदिर को तोड़े जाने खिलाफ बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने चंद्राचार्य चौक पर एकत्रित होकर पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया।
बृहस्पतिवार को प्रदर्शन करते हुए विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री सुनील ने कहा कि चोरी के आरोप में पकड़े गए तबरेज अंसारी की पुलिस गिरफ्तारी में हुई मौत को मुद्दा बनाकर देश में विशेष समुदाय की ओर से अराजकता का माहौल पैदा किया जा रहा है। उसके बावजूद भी केंद्र की सरकार मौन है। बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक अनुज वालिया ने कहा कि देवभूमि के मंगलौर में राज्य सरकार की अनुमति पर बन रहे स्लॉटर हाउस को किसी भी कीमत पर बनने नहीं दिया जाएगा। जिस प्रकार तबरेज अंसारी के परिजनों को 35 लाख की आर्थिक मदद और उसकी पत्नी को सरकारी महकमे में नौकरी दिए जाने की घोषणा दिल्ली की सरकार कर सकती है तो क्या हरिद्वार में हुई एकलव्य की हत्या पर पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद व उसकी चारों बहनों की पढ़ाई की जिम्मेदारी राज्य सरकार नहीं ले सकती। उन्होंने कहा कि ऐसा सौतेला व्यवहार नहीं होने दिया जाएगा। बजरंग दल के जिला संयोजक नवीन तेश्वर प्रधान ने कहा कि राज्य सरकार जल्द से जल्द यह निर्णय लें अन्यथा बजरंग दल राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ पूरे देशभर में उग्र आंदोलन करेगा। इस मौके पर सौरभ चौहान, जीवेंद्र, गुलशन, रोहित चौधरी, सुरक्षा प्रमुख ललित बजरंगी, गौरक्षा प्रमुख रोहित शास्त्री, प्रखंड संयोजक अंगद, दीपक राजपूत, अमित मुल्तानिया, निशांत, कार्तिक साजन, शिवम बिष्ट, अजय जोशी आदि मौजूद थे।