अमर उजाला ब्यूरो
बहादराबाद। सिडकुल में सरकारी पार्किंग के बावजूद ट्रक चालकों की मनमानी खत्म नहीं हुई। ट्रक चालक अब भी मनमर्जी से पार्किंग के बजाय सड़कों पर ही बेतरतीब ट्रक खड़े कर रहे हैं।
सिडकुल में ट्रक चालक सड़क किनारे दूर-दूर तक अपने वाहन खड़े करते हैं। इससे दुर्घटना और जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए पिछले दिनों सरकारी पार्किंग की व्यवस्था की गई। बावजूद इसके ट्रक संचालकों को यह पार्किंग सुविधा रास नहीं आ रही है। बताते चलें कि पहलेे सिडकुल पेट्रोल पंप से राजा बिस्किट तक सर्विस लेन के ऊपर बड़े-बड़े ट्रक खड़े रहते थे। जिससे वहां आए दिन दुर्घटनाएं होती थी। ऐसी ही स्थिति सिडकुल से बहादराबाद वाली सड़क पर भी थी। ड्राइवर सड़कों के किनारे ट्रक खड़े कर लेते थे। ट्रक हटाने के लिए कहने पर वह पार्किंग का रोना रोते थे। अब 25 दिन से सिडकुल में पार्किंग व्यवस्था शुरू हो चुकी है। इसके बावजूद ड्राइवर और ट्रांसपोर्टर ट्रकों को सिडकुल की पार्किंग में खड़ा करने से कतरा रहे हैं।
इस संबंध में सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक एचआर नौटियाल ने हीरो मोटोकॉर्प, किरबी, हिंदुस्तान यूनीलीवर, आईटीसी, महिंद्रा फैक्ट्रियों के प्रबंधको को नोटिस भेजकर ट्रकों को पार्किंग में खड़ा करने के निर्देश दिए हैं।