हरिद्वार।
18 वीं उत्तराखंड प्रादेशिक अंतर जनपदीय-वाहिनी पुलिस फुटबाल प्रतियोगिता का ताज देहरादून की टीम के सिर सजा। देहरादून की टीम ने रोचक मुकाबले में आईआरबी द्वितीय की टीम को 3-1 से हराकर मुकाबला जीत लिया।
चार दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोशनाबाद पुलिस लाइन के मैदान पर रविवार को खेला गया। इस मैच में देहरादून और आईआरबी द्वितीय की टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। देहरादून की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए आईआरबी द्वितीय हरिद्वार को 3-1 गोल के अंतर से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए डीआईजी रेंज पुष्पक ज्योति ने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। हार जीत बड़ा विषय नहीं है। इस मौके पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, देहरादून की एसएसपी निवेदिता कुकरेती, एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, एसपी सिटी ममता वोहरा, एएसपी रचिता जुयाल आदि मौजूद रहे।