श्यामपुर (हरिद्वार)। हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर रसियाबड़ के पास दो कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में देहरादून के एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देहरादून क्लेमनटाउन निवासी शशि प्रकाश बड़थ्वाल पुत्र चमन बड़थ्वाल बुधवार की शाम कार से कोटद्वार से देहरादून जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार लेकर रसियाबड़ के पास पहुंची तभी नजीबाबाद की तरफ जा रही आल्टो कार से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि शशि प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आल्टो कार में सवार पवन गुप्ता पुत्र राकेश निवासी किशननगर देहरादून, अमित कुुमार पुत्र सतेंद्र निवासी राजपुर रोड देहरादून और शमी कुमार पुत्र सुशील निवासी रानीपोखरी देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होने के साथ ही राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। दुर्घटना की सूचना पर श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी पाकर मृतक के परिजन भी हरिद्वार पहुंच गए थे ।