हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर शनिवार को चौथे दिन भी जनपद के नगर निगम, नगर पंचायतों और विकासखंडों में जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान 150 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 136 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
नगर निगम हरिद्वार में आयोजित शिविर में 43 आवेदन प्राप्त हुए और सभी का मौके पर निस्तारण किया गया। नगर पंचायत लंढौरा में 21 आवेदन मिले, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। नगर पंचायत भगवानपुर में 13 आवेदन प्राप्त हुए। नगर पंचायत पिरान कलियर में पांच आवेदन मिले, जिनमें से दो का मौके पर समाधान किया गया।
नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में सात आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से छह का निस्तारण किया। वहीं विकासखंड भगवानपुर में आयोजित शिविर में सबसे अधिक 61 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 50 आवेदनों का मौके पर ही समाधान कर दिया।
शिविरों में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ समेत अन्य योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविरों में खंड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।