अलीगढ़ निवासी युवती से चलती कार में गैंगरेप का मामला सामने आया है। मंगलवार को युवती की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में किसी भी आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना 19 मई की बताई जा रही है।
अलीगढ़ निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि अलीगढ़ के थाना हरदुआगंज, पोस्ट खानआलमपुर के सिकंदरपुर निवासी जगदीश का उसके मोबाइल पर फोन आया।
उसने बताया कि एक अच्छी बीमा पॉलिसी आई है जिसमें शादी होने तक अच्छी रकम मिलेगी। वृद्धावस्था पेंशन का भी लाभ मिलेगा। इसके लिए उसे अलीगढ़ रोडवेज स्टेशन के पास बुलाया गया।
19 मई की शाम साढ़े चार बजे स्टेशन पर पहुंच गई। जहां एक कार में जगदीश के साथ उसका साथी प्रवीन उर्फ भजनलाल और एक अन्य व्यक्ति पहले से ही मौजूद थे।
उसे बताया गया कि आज पॉलिसी का अंतिम दिन है और इसके लिए उन्हें ऊधमसिंह नगर जाना होगा। वह बहकावे में आकर उनके साथ कार में सवार हो गई।
रात करीब 12 बजे रुद्रपुर पहुंचने पर उसे कोल्डड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिला कर पिलाया गया जिससे वह बेहोश हो गई।
युवती का आरोप है कि इस दौरान तीनों ने बेहोशी की हालत में उसके साथ कार में ही दुराचार किया। होश में आने के बाद एक बार फिर उससे बलात्कार किया गया।
आरोपी उसे एएनझा कालेज के पास उतार कर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 363, 366, 376, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।