जंगलों में लग रही आग को बुझाने के लिए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने चार हजार कर्मचारियों की संख्या और बढ़ा दी है। इसके साथ ही जंगलों में आग बुझाने के कार्य में लगे राज्य सरकार के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 10 हजार हो गई है।
मुख्यमंत्री रावत ने निर्देश दिए कि जंगल की आग बुझ जाने के कुछ दिन बाद तक कर्मचारी वहां रहेंगे ताकि कोई चूक न हो सके। इसके साथ वन विभाग के अफसरों को चेतावनी दी कि चौकन्ने और सतर्क रहें।
जंगलों में आग की घटनाओं की संख्या फिर बढ़ने के मामले में मुख्यमंत्री रावत ने रविवार को वन मंत्री दिनेश अग्रवाल और शासन के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि जितने मैन पावर की जरूरत हो उसे बढ़ा दिया जाए। जैसे की आग की सूचना मिले उस पर फौरन काबू कर लिया जाए।
उन्होंने कहा कि अग्नि शमन के संसाधन जुटाने के लिए सरकार व्यवस्था कर रही है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि क्षेत्रीय लोगों को आग बुझाने वाले दस्ते में भर्ती किया जाए।