देश में पहली बार होने जा रहे अंडर 17 फुटबॉल विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के लिए देहरादून के चार युवा खिलाड़ी पहले चरण में चयनित हुए हैं।
नई दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चल रहे कैंप में चारों युवा अपने खेल को और बेहतर बनाने में जुटे हैं। साई की ओर से दिल्ली के अलावा गोवा और कोलकाता में संभावित खिलाड़ियों का कैंप चल रहा है जबकि तीन स्थानों पर कैंप हो चुके हैं।
फीफा की ओर से भारत में आयोजित होने वाले वर्ल्ड कप में मेजबान टीम की चयन प्रक्रिया अंतिम दौर में है। राष्ट्रीय टीम में प्रवेश के लिए महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के कौशल महर, सचिन पंवार, विवेक नेगी और शार्दुल दिल्ली में संभावित 85 की सूची में आ गए हैं और 28 मार्च से चल रहे कैंप में अपना पसीना बहा रहे हैं।
प्रत्येक कैंप से बनाई जा रही 20 खिलाड़ियों की एक टीम
फुटबॉल
देशभर में छह स्थानों पर ऐसे कैंप हो रहे हैं, जिसमें अभी तक रोहतक, भोपाल और गांधीनगर में कैंप हो चुके हैं। प्रत्येक कैंप से 20 खिलाड़ियों की एक टीम बनाई जा रही है, जो दो मई से गोवा में अगली चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेगी।
गोवा में लगने वाले कैंप में विदेशी फुटबॉल कोचों का पैनल भारत की अंडर 17 टीम का चयन करेगा, जिसका देश विदेश में ट्रेनिंग प्रोग्राम चलना है।
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के साउटिंग सेल प्रोजेक्ट के डायरेक्टर रोहित पाराशर ने बताया कि अंडर 17 फीफा वर्ल्ड कप आगामी 2017 के लिए नई दिल्ली जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम, कलकता साई सेंटर इस्टर्न, गोवा पटौड़ा साई सेंटर में इन दिनों अंडर 17 टीम के लिये कैंप चल रहे हैं।
कैंप से एक टीम तैयार की जाएगी जो अंडर 17 वर्ग में इंडिया का प्रतिनिधित्व करेगी। उधर, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगईं ने कॉलेज के चार छात्रों के संभावित 85 की सूची में आने पर खुशी जताई है।