अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से 29 मई को परिचय सम्मेलन कराया जा रहा है। ब्लैसिंग फार्म में होने वाले इस आयोजन के लिए अब तक आठ सौ आवेदन आ चुके हैं। इसमें उत्तराखंड सहित यूपी, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के परिवार भी पहुंचने वाले हैं।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से एक हजार फार्म की सीमा रखी गई है। इसमें युवतियों के लिए सौ रुपये और युवकों के लिए तीन सौ रुपये फीस रखी गई है। एक युवक-युवती के साथ परिवार के दो सदस्य आ सकते हैं जिनके खाने की व्यवस्था महासम्मेलन की ओर से की जाएगी। जो जल्द आवेदन कर लेंगे उनको लेकर एक किताब भी तैयार की जाएगी। जिसमें विवाह योग्य युवक-युवतियों का ब्योरा और फोन नंबर दिए जाएंगे।
देख सकते हैं रिश्ते
परिचय सम्मेलन के दिन यह किताब सबके सामने टेबल पर होगी। इसको खोलकर भी वह अपनी पसंद के रिश्ते देख सकते हैं। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के युवा प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने बताया कि कुल एक हजार फार्म छपवाए गए हैं। जो लोग पहले फार्म नहीं भर सकते, वह सीधे उस दिन ब्लैसिंग फार्म आकर भी फार्म भर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन कराने वालों को उनका टेबल नंबर बता दिया जाएगा। युवक-युवतियों के फोटो के साथ ही टेबल नंबर भी वहां लिखा होगा। जिसको जिस टेबल वाले से बात करनी होगी, वह आयोजकों को बता देगा तो मंच से एनाउंस कर दिया जाएगा ताकि वह एक जगह बैठकर बात कर सकें। बताया कि इस आयोजन में वैश्य समाज में 370 उपजातियां हैं।
रिश्ते जोड़ने की मुहिम
सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि आज के समय में युवक-युवतियां नौकरी के लिए भागदौड़ करते रहते हैं। इस व्यस्त दिनचर्या में उनका ध्यान शादी की ओर नहीं जाता। माता-पिता भी अपनी जाति में ही रिश्ते चाहते हैं इस इंतजार में उन्हें देर हो जाती है। सही उम्र में शादी भी जरूरी है।
ऐसे में सम्मेलन की ओर से लोगों को मिलवाया जाता है ताकि एक प्लेटफार्म पर ही सभी को अपने पसंदीदा रिश्ते मिल जाएं। बताया कि यह आयोजन का दूसरा साल है। आयोजन में विनय गोयल, कृष्ण कुमार गर्ग, राजेंद्र गोयल, विनोद गोयल, विवेक अग्रवाल, शरद अग्रवाल, सचिन गुप्ता, दीपक गुप्ता, हरि ओम अग्रवाल, अरविंद जैन, सीमा राजवंश, रमा गोयल विशेष सहयोग कर रहे हैं।