राजपुर रोड स्थित ब्लैक बेरी शोरूम में 97 हजार रुपये की नकदी समेत कई लाख के माल चोरी मामले को पुलिस ने झूठा बता दिया है। पुलिस का दावा है कि ऑडिट के चलते यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एफएसएल ने भी शोरूम की छत ऊपरी के बजाए नीचे से तोड़े जाने की बात बताई है।
राजपुर रोड स्थित ब्लैक बेरी शोरूम के प्रबंधक संजय माथुर ने शहर कोतवाली में सोमवार को सूचना दी कि चोरों ने शोरूम की छत फाड़कर 97 हजार रुपये की नकदी के अलावा सूट, बेल्ट, शर्ट, जूते, टाई आदि सामान चुरा ले गए हैं। धारा चौकी प्रभारी नवनीत भंडारी ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मौके पर जांच पड़ताल की।
कैश बॉक्स का ताला भी नहीं टूटा
एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि शोरूम में किसी तरह का ताला नहीं टूटा है। दूसरा कैश बाक्स भी नहीं टूटा है, लेकिन उसमें से रकम निकालने की बात कही गई है। एफएसएल की जांच भी इसकी पुष्टि हुई कि शोरूम की छत ऊपर के बजाए नीचे से तोड़ी गई है। ऐसे में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
एसपी ने बताया कि जल्द ही शोरूम का आडिट होने वाला है। इसी आधार पर मुकदमे को निरस्त कर वादी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मंदिर में चोरी करते युवक गिरफ्तार
जोगीवाला क्षेत्र में मंदिर का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करते हुए एक युवक को दबोच लिया गया। मारपीट के बाद पब्लिक ने उसे पुलिस को सौंप दिया। नेहरू कॉलोनी के ज्वालपा एंकलेव में स्थित देवी मंदिर में मंगलवार तड़के एक युवक ताला तोड़कर दाखिल हो गया।
वह मंदिर में माल समेट रहा था कि श्रद्धालुओं की नजर पड़ गई। शोर-शराबा होने पर चोर को मौके पर पकड़ लिया गया। आरोपी का नाम जयवीर निवासी माजरा माफी को बताया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया।