बाइक में विज्ञापन लगाने पर 70 फीसदी धनराशि देने का दावा करने वाली मार्केटिंग कंपनी रूद्रपुर लोगों को लाखों का चूना लगाकर फरार हो गई है। शनिवार को कंपनी के आवास विकास स्थित कंपनी में काफी गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। फिलहाल इस प्रकरण की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
आउटडोर मीडिया एंड एड नामक कंपनी पिछले कई दिनों से नई बाइक और स्कूटी पर विज्ञापन लगाने पर 70 प्रतिशत रकम एड एजेन्सी से ले जाने का दावा किया जा रहा था। इतना ही बाइक बुकिंग के नाम पर 30 प्रतिशत धनराशि कई लोगों से जमा कराए गए। साथ ही दावा किया गया कि शेष रकम का भुगतान कंपनी की ओर से किया जाएगा।
कंपनी के दावों के बाद लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। कई लोगों ने बाइक और स्कूटी की बुकिंग के लिए एडवांस रकम भी जमा करा दी। बताया जा रहा है कि जब शनिवार सुबह कुछ लोग बुकिंग कराने कंपनी दफ्तर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। कंपनी के फरार होने की सूचना से लोगों में हड़कंप मच गया।
स्टीकर में छापे गए थे मोबाइल नंबर
आउटडोर मीडिया एंड एड नामक कंपनी द्वारा जिस स्टीकर के दम पर लोगों को चूना लगाया जा रहा था उसमें दो मोबाइल नंबर ही दिए गए थे। इतना ही नहीं स्टीकर में कंपनी का नाम तक नहीं छपा हुआ था। इसके बावजूद लोग कंपनी के झांसे में फंसते चले गए।
दफ्तर बुलाकर दिखाए जाते थे सब्जबाग
बाइक में स्टीकर चिपका कर सत्तर प्रतिशत धनराशि का भुगतान करने का दावा करने वाली कंपनी अपने ग्राहकों को कार्यालय पर बुलाकर उनका पूरी तरह से ब्रेनवॉश कर दिया करती थी जिस कारण से लोग कंपनी के साथ जुड़ते चले गए।