उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नतसुना में सेना की फायरिंग के दौरान मारे गए एक युवा की मौत के मामले में जांच कर रहे जांच अधिकारी को अभी तक पुलिस की ओर से एफआईआर की कापी नहीं दी गई। वहीं अधिकारी ने बताया कि उन्हें 30 अप्रैल तक रिपोर्ट सौंपनी है।
कुपवाड़ा जिले के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर हफीजुल्ला शाह जिन्हें 15 अप्रैल को नतसुना में 47 आरआर द्वारा की गई फायरिंग में 11वी कक्षा के छात्र आरिफ हुसैन की मौत को लेकर जांच का जिम्मा दिया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें 30 अप्रैल तक इस मामले की जांच रिपोर्ट सौंपनी है लेकिन अभी तक उन्हे मामले की एफआईआर पुलिस द्वारा नहीं दी गई है।
शाह के अनुसार वह मृतक के घर गए थे जहां उन्होंने परिवार वालों के बयान दर्ज किये हैं। इसके अलावा कुछ स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किये गए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर अब वह पुलिस और सेना से जानकारी लेंगे।