मसूरी बस स्टैंड पर एक सिरफिरे ने बडकोट की बस में सवार होकर यात्रियों की आईडी जांच ली। आरोपी खुद को सीआईडी अधिकारी बता रहा था। शक होने पर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी हरिद्वार का रहने वाला बताया गया है।
रेलवे स्टेशन स्थित मसूरी बस स्टैंड से मंगलवार सुबह रोडवेज बस बडकोट जा रही थी। इसी दौरान एक युवक बस में सवार हुआ और लोगों से आईडी दिखाने के लिए कहा। यात्रियों ने बिना कुछ सोचे-समझे अपनी आईडी उपलब्ध करा दी।
आरोपी मानसिक रोगी
आईडी चेक कर वह वापस करता रहा। इसी बीच एक बुजुर्ग और उसकी बेटी के पास आईडी नहीं मिली तो वह उन्हें आतंकित करने लगा। बातचीत के तरीके से शक हुआ तो जीआरपी पुलिस को बुला लिया गया।
बाद में युवक को लक्खीबाग चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया। चौकी प्रभारी राकेश शाह ने बताया कि आरोपी हरिद्वार जिले का रहने वाला है। देर शाम आरोपी के परिजन यहां पहुंच गए। आरोपी मानसिक रोगी है और उसका उपचार भी चल रहा है।