फेसबुक के जरिये संपर्क में आए एक नाइजीरियन ठग ने करीब 50 लाख रुपये उपलब्ध कराने का झांसा देकर फौजी की पत्नी से 10 लाख रुपये हड़प लिए। आईजी ने रायपुर पुलिस को इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रायपुर क्षेत्र के फौजी की पत्नी चाय की दुकान चलाती है। कई माह पहले फेसबुक के जरिये वह ठग के संपर्क में आई। बातचीत के दौरान ठग ने उसे झांसा दिया कि उसके पास करीब एक लाख पौंड हैं, जो उनके माध्यम से भारत में निवेश करना चाहता है। फौजी की पत्नी उसकी बातों में फंसती चली गई।
मोटी रकम पाने की चाह में महिला ने ब्याज पर ली रकम
ठग ने टीडीएस कटने आदि में कई लाख रुपये का खर्च आने की बात कही। मोटी रकम पाने की चाह में महिला ने अपने जेवर बेचने के साथ रकम ब्याज पर ले ली। पीड़िता किश्तों में रकम ठग के खाते में स्थानांतरित करती चली गई।
10 लाख रुपये हड़पने के बाद ठग ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। महिला को जब तक पता चला काफी देर हो चुकी थी। पीडिता ने आईजी संजय गुंज्याल से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। आईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए है।