लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के काकड़ गांव के लोग गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इसके विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को खाली बर्तन लेकर जल संस्थान और जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल संस्थान और जल निगम पर उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने पेयजल समस्या का जल्द समाधान न होने पर जिला मुख्यालय में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रहलाद सिंह अधिकारी और भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश अधिकारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जल संस्थान और जल निगम के खिलाफ खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि सरकारी सिस्टम की लापरवाही के कारण क्षेत्र में हमेशा पानी की दिक्कत रहती है। लोगों को कभी तीसरे दिन और कभी चौथे दिन पेयजल की आपूर्ति होती है। इससे अन्य दिनों उनको कई किमी दूर पेयजल के लिए दौड़ लगानी पड़ती है। उनका कहना है कि गांव के लिए सलना योजना से पेयजल की आपूर्ति होती है। पेयजल समस्या के समाधान के लिए जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को बताने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होता है। उनका कहना है कि जल संस्थान के अभियंता लोगों का फोन तक नहीं उठाते हैं। उन्होंने कहा कि अगर समस्या का समाधान न हुआ तो वह जलसंस्थान और जलनिगम के खिलाफ आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में सरिता देवी, त्रिलोकी देवी, गीता देवी, हीरा देवी, कविता, गोविंद सिंह अधिकारी, महेश सिंह अधिकारी, प्रकाश सिंह अधिकारी, प्रहलाद सिंह अधिकारी आदि रहे।
ब्रेकडाउन नहीं हुआ तो सुचारु हो जाएगी पेयजल सप्लाई
पिथौरागढ़। सरस्वती विहार कॉलोनी की पेयजल आपूर्ति दो दिन प्रभावित रही। लोगों को दो दिन पर्याप्त पानी नहीं मिला। इस कारण उन्हें घरों के लिए धारों या हैंडपंपों से पानी ढोना पड़ा। विभाग का कहना है कि ब्रेकडाउन के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हुई थी।
सरस्वती विहार क्षेत्र के लोगों को रविवार और सोमवार को भी पानी की समस्या से जूझना पड़ा। लोगों ने बताया कि नलों में पानी न आने से दो दिन उन्हें पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ी। विभाग बारिश के मौसम में भी पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं कर पा रहा है। क्षेत्र की करीब पांच हजार आबादी को पानी जुटाने के लिए संघर्ष करना पड़ता। कॉलोनी के अधिकतर लोगों ने महादेव धारे से पीने का पानी जुटाया जबकि अन्य कार्यों के लिए हैंडपंपों पर निर्भरता रही। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सुरेश जोशी ने बताया कि रविवार को ऊर्जा निगम के ब्रेकडाउन के कारण घाट और ठुलीगाड़ पंपिंग योजना बंद रही। इस कारण पर्याप्त मात्रा में पानी लिफ्ट नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि अगर मौसम के कारण ब्रेकडाउन नहीं हुआ तो लोगों को पर्याप्त पानी की आपूर्ति की जाएगी।
सोलर लिफ्ट पेयजल योजना को खतरा
नाचनी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के लिए बनाई गई सोलर लिफ्ट पेयजल योजना रामगंगा नदी के कटाव से खतरे की जद में आ गई है। योजना में गाद भी भर गई है। रामगंगा से क्षेत्र के लिए सोलर लिफ्ट पेयजल योजना का निर्माण किया गया है। इसका लाभ लोगों को मिलने से पहले ही योजना में कई जगह खाद भर गई है। नदी से हो रहे कटाव के कारण सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। सूचना मिलने पर डीडीहाट पेयजल निगम के ईई मदन पुरी ने योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि योजना में भरी गाद को निकाला जाएगा। सुरक्षा दीवार का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। रामगंगा नदी से लगातार कटाव हो रहा है। वर्ष 2017, 2018, 2019 में रामगंगा के उफान पर आने से कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा था। सुरक्षा के इंतजाम न होने से अब भी कई सरकारी योजनाओं के साथ ही मकान खतरे की जद में हैं।