टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर के छीनीगोठ के ग्रामीणों ने नशे के कारोबारी को दबोचकर पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक वहां से फरार हो गया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नौ जनवरी को टनकपुर के एक गांव का युवक स्कूटी पर स्मैक लेकर छीनीगोठ गांव में किसी के घर स्मैक देने जा रहा था। इससे पछीनीगोठ के ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। तलाशी में उसके पास से काफी मात्रा में स्मैक बरामद हुए। ग्रामीणों ने स्मैक और युवक का मोबाइल कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। इस दौरान युवक ने बताया कि वह गांव के कुछ लोगों को स्मैक देने आया था। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पूर्व युवक वहां से फरार हो गया।
सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी लेकिन तबतक युवक वहां से जा चुुका था। ग्रामीण युवक की पूरी जानकारी सही से नहीं दे पाए हैं। अलबत्ता उन्होंने पुलिस को स्मैक जरूर सौंपी है। सीओ ने कहा कि उस युवक की तलाश की जा रही है। पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी।