स्कूल बसों की चैकिंग कर वाहनों और चालक परिचालकों के कागजातों का निरीक्षण करते एसओ मनीष खत्री।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल के दिशा निर्देशन में थाना पुलिस की ओर से स्कूली बसों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बसों में बच्चों को नियम विरुद्ध बैठाने पर दो स्कूल बसों के चालकों का एमवी एक्ट में चालान किया गया। साथ ही वाहन चालक और परिचालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
शनिवार को थानाध्यक्ष मनीष खत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिवालय मंदिर के पास, पंचेश्वर टैक्सी स्टेंड, मीनाबाजार, पाटनपुल आदि स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। एसओ ने बताया कि अल्पाइन स्कूल और होली विजडम स्कूल की बसों में चालकों की ओर से बच्चों को नियम विरुद्ध तरीके से बसों के बोनट पर बैठाया गया था।
साथ ही एक सीट पर चार से लेकर छह बच्चे ठूंसकर बैठाए गए थे। एसओ ने कहा कि स्कूल बस के परिचालकों को भी अनिवार्य रूप से अपना डीएल बनाने के साथ थाने में अपना सत्यापन करना होगा।
उन्होंने बसों की आगे की सीटों पर बच्चों को न बैठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल बस चलाते, बच्चों को चढ़ाते- उतारते समय बरती जाने वाली सावधानियों, यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। इस मौके पर एसआई हेमंत कठैत, राकेश रौंकली आदि थे। ब्यूरो