बनबसा (चंपावत)। एसओजी और थाना पुलिस टीम ने बीती रात चेकिंग के दौरान पाटनी तिराहे के पास दो लोगों को एक-एक तमंचा और एक-एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज उन्हें जेल भेज दिया है। मामले की जांच एसआई रवि चंद्र जोशी को सौंपी गई है।
सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि बीते दिवस एसओजी प्रभारी मनीष खत्री, बनबसा थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण और शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट की टीम संयुक्त चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पाटनी तिराहे के पास संदिग्धावस्था में दो लोगों को रोक कर उनकी तलाशी ली गई। दोनों के पास से एक-एक तमंचा और एक-एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम पीलीभीत (यूपी) के जहानाबाद के ग्राम उमसड़ निवासी मथुरा प्रसाद (30) और बनबसा मीनाबाजार वार्ड संख्या पांच निवासी मोहन सिंह (45) बताया।
आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल में मजदूरी और फेरी लगाने का काम करते हैं। नेपाल में फसल को नुकसान पहुंचा रहे जंगली जानवरों को भगाने के लिए नेपाली नागरिक ने शस्त्र लाइसेंस नहीं बना पाने पर उनसे देशी तमंचा और कारतूस लाकर देने को कहा था जिसके बदले उन्हें मोटी रकम मिलनी थी। नेपाल में चेकिंग के भय से वे वहां नहीं जा सके और लौटने पर बनबसा में एसओजी और पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस उनके नेपाल संपर्क और पूर्व में आपराधिक इतिहास का पता लगाने में जुट गई है।