चंपावत के स्थानांतरित डीएम विनीत तोमर।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। डीएम विनीत तोमर का यहां से स्थानांतरण हो गया है, उन्हें उत्तराखंड परिवहन निगम का प्रबंध निदेशक (एमडी) बनाया गया है। फरवरी 2021 में 22वें डीएम के रूप में यहां कार्यभार संभालने वाले तोमर का छोटा कार्यकाल बड़ी उपलब्धियों वाला रहा है। खासकर वर्ष 2012 से लटके जिला जेल भूमि मामले के निस्तारण से जेल भवन के निर्माण की राह प्रशस्त हुई है। गोरलचौड़ मैदान के पास निर्माणाधीन जेल भवन के विरोध के बाद फुंगर में जमीन का चयन किया गया है।
निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी सड़क के दूसरे पैकेज चूका से रूपालीगाड़ तक के काम को शुरू करवाने में डीएम तोमर की खास भूमिका रही। कोरोनाकाल में चंपावत जिला अस्पताल में आईसीयू भी शुरू कराया। वहीं, कुमाऊं मंडल विकास निगम के एमडी नरेंद्र सिंह भंडारी को चंपावत का नया डीएम बनाया गया है। 23वें के डीएम भंडारी मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे। चंपावत के एडीएम एससी द्विवेदी का स्थानांतरण इसी पद पर चमोली किया गया है। उनके स्थान पर चमोली से हेमंत कुमार वर्मा को यहां भेजा गया है। वर्मा वर्ष 2018 में भी यहां एडीएम रह चुके हैं।
जानिए चंपावत के नए डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी को
2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी।
वर्तमान में केएमवीएन के प्रबंध निदेशक के अलावा जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार।
मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के दिचली पट्टी के खालसी गांव के रहने वाले हैं।