चंपावत। गर्मी के दस्तक देते ही जिले के विभिन्न स्थानों पर पानी का संकट गहराने लगा है। सीमांत मंच कस्बे में पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। लोगों को कई-कई किमी दूर से पानी ढोना पड़ रहा है।
लिफ्ट पंपिंग योजना का निर्माण पूरा होने के बाद भी ग्रामीणों को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। कई इलाकों में जल संस्थान की ओर से टैंकरों के माध्यम से पानी मुहैया कराया जा रहा है जिस कारण टैंकर आने पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ रही है।
ग्रामीण शेर सिंह महर, राहुल सिंह आदि ने जल संस्थान से व्यवस्था में सुधार की मांग करने के साथ ही लिफ्ट पेयजल योजना को संचालित किए जाने की मांग उठाई है। उधर सीमांत तामली में हरम-तामली पेयजल योजना से मटमैला पानी आने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना करना पड़ रहा है। ग्रामीण भुवन चंद्र जोशी, देवेंद्र जोशी आदि का कहना है कि लंबे समय से पेयजल योजना के भंडारण टैंक की सफाई नहीं होने से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है जिससे ग्रामीणों के बीमार होने का अंदेशा है।