धारचूला/टनकपुर/लोहाघाट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वर्चुअल माध्यम से पिथौरागढ़ के सीएचसी धारचूला में 200 एलपीएम और चंपावत के टनकपुर उप जिला अस्पताल में 500 एलपीएम और लोहाघाट उप जिला अस्पताल में स्थापित 167 एलपीएम के ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट का लोकार्पण किया। संयंत्र के स्थापित होने से मरीजों को ऑक्सीजन के अभाव में हायर सेंटर रेफर नहीं करना पड़ेगा, जिससे जनता को आसानी से समय पर इलाज मिलेगा।
एनएचपीसी लिमिटेड की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व योजना के तहत सीएचसी धारचूला में बने 200 एलपीएम क्षमता के ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी और धौलीगंगा पावर स्टेशन के महाप्रबंधक-प्रभारी प्रीत पाल सिंह विल्ख ने संयुक्त रुप से फीता काटकर प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया।
धामी ने कहा कि इस प्लांट से नेपाल- भारत के आसपास के क्षेत्र के सभी लोग लाभान्वित होंगे। भाजयुमो महामंत्री राजेंद्र नेगी और व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने कहा कि प्लांट लगने से लोगों को मेडिकल इमरजेंसी में राहत मिलेगी। पावर स्टेशन महाप्रबंधक प्रभारी प्रीत पाल सिंह ने कहा एनएचपीसी ने सीएसआर के अंतर्गत क्षेत्र के विकास एवं जनहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। सीएचसी प्रभारी डॉ. एमके जायसवाल ने एनएचपीसी प्रबंधन का आभार जताया।
पीएम ने टनकपुर उप जिला अस्पताल में 500 एलपीएम और लोहाघाट में 167 एलपीएम के ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट का वर्चुअल उद्घाटन किया। टनकपुर में विधायक कैलाश गहतोड़ी ने नवनिर्मित प्लांट में शिलापट का लोकार्पण करते कहा पीएम केयर फंड से मिली ऑक्सीजन सुविधा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। सीएमएस डॉ. एचएस हयांकी ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट के उद्घाटन के साथ ही अस्पताल के पांच आईसीयू समेत सभी 40 बेड ऑक्सीजन सुविधा से जुड़ गए हैं। ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट के शुरू होने के बाद अब उप जिला अस्पताल में आईसीयू सुविधा भी मुहैया होगी। यहां पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक, प्रदेश मंत्री किरन देवी,हेमा जोशी, एडीएम शिवचरण द्विवेदी, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी थे।
उप जिला अस्पताल लोहाघाट में एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय, एमएस डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि प्लांट से ट्रामा सेंटर के अलावा अस्पताल के 33 बेडों में पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी। वहां विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिपं अध्यक्ष ज्योति राय, चेयरमैन गोविंद वर्मा, डीएम विनीत तोमर, एसडीएम केएन गोस्वामी, एसओ जसवीर चौहान आदि थे।
प्रधानमंत्री का सुना लाइव
धारचूला। कार्यक्रम में एनएचपीसी ने एम्स ऋषिकेश से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लाइव सुना। उन्होंने कहा ऑक्सीजन प्लांट राष्ट्र की धरोहर है। एनएचपीसी ने लाइव प्रसारण की व्यवस्था की थी। इस मौके पर अनिल कुमार शुक्ला, पूर्व चेयरमैन अशोक नबियाल, एनएचपीसी अधिकारी, कर्मचारी, सीएचसी के चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ आदि मौजूद रहे। संवाद