भाजपा कार्यकर्ताओं ने गत बुधवार को सड़क हादसे में छात्र की मौत के मामले में सेंट फ्रांसिस स्कूल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा है कि स्कूल प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने राजमार्ग के किनारे वाहन खड़े किए जाने पर भी प्रतिबंध लगाने व स्कूटी व बाइकों से स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी अंकुश लगाने की मांग उठाई।
पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल पंत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को एसडीएम अनिल चन्याल को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि सेंट फ्रांसिस स्कूल में वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह होने के बावजूद अभिभावकों को अपने वाहनों को स्कूल परिसर के अंदर ले जाने नहीं दिया जाता है। छुट्टी के समय बच्चों को साइकिल और बाइकों से लेने स्कूल जाने वाले अभिभावकों को मजबूरन विद्यालय गेट पर राजमार्ग पर खड़े रहना पड़ता है।
इससे विद्यालय गेट पर लगने वाली भीड़ से हमेशा दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों व सड़क पर रखी सरिया, सीमेंट आदि निर्माण सामग्री को भी हादसों की वजह बताया। बच्चों के स्कूटी व बाइक से स्कूल आने-जाने पर भी रोक लगाने का आग्रह किया है। ज्ञापन देने वालों में भगवा रक्षा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश पांडेय, दीप चंद, मंडल उपाध्यक्ष गोविंद सिंह महर, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश सकारी, योगी जोशी, पवन महरा, प्रेम सिंह, जसोद सिंह, गिरीश वर्मा, कृष्ण श्रीवास्तव आदि शामिल थे।