बाराकोट-सिमलखेत मोटर मार्ग की बदहाली पर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट-सिमलखेत सड़क लंबे समय से बदहाल है। 14 किमी लंबी इस सड़क पर करीब 350 गड्ढे बने हैं। इससे आक्रोशित लोगों ने बृहस्पतिवार को लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन कर सड़क को ठीक करने की मांग उठाई है। मांग पूरी न होने पर लोनिवि कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि बाराकोट से सिमलखेत तक 14 किमी सड़क पर 350 गड्ढे हैं। इसमें न केवल आवाजाही खतरनाक बनी है, बल्कि कई बार सड़क हादसे भी हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले ही लोनिवि की ओर से पेंच भरान किया है। इनमें से ज्यादातर पेंच भी उखड़ गए हैं। ग्रामीणों ने सड़क की हालत शीघ्र ठीक न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बाराकोट के ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदाबल्लभ बगौली का कहना है कि सड़क की बदहाली के संबंध में लोनिवि के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री पोर्टल में भी शिकायत की गई है। इसके बावजूद भी लोनिवि इसकी अनदेखी कर रहा है। प्रदर्शन करने वालों में भुवन अधिकारी, मोहन सिंह, दीनानाथ जोशी, राजू जोशी, राजेंद्र जोशी, राजू पंत, कैलाश पंत आदि शामिल थे। एई राजेंद्र गिरी का कहना है कि सड़क पर पेंच भरने की निविदा हो गई है। जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।