टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्णागिरि मेले को भव्य स्वरूप देने की बात कही। सोमवार शाम को यहां तहसील सभागार में मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि धाम की आस्था और तीर्थयात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है। उन्होंने तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को विस्तार देने के निर्देश दिए और मेले की व्यवस्था के लिए होने वालीं निविदाओं के साथ मेले के रुके कार्यों के लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति लेने की हिदायत दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में पेयजल की वर्षभर उपलब्धता की जाए। बरसात के बाद के छह माह यहां पेयजल की भारी किल्लत होती है। उन्होंने पूर्णागिरि धाम के लिए भैरव मंदिर तक जाने वाली सड़क को दुरुस्त करने की हिदायत दी। लोनिवि के अधिकारियों को रानीघाट के पास सड़क में खामियों को दूर करने के लिए उच्चाधिकारियों के मुआयने के बाद शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा से लेकर यातायात की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। व्यापारियों से निर्धारित कीमतों पर सामान की बिक्री करने के लिए कहा। इसके अलावा बनबसा केनाल क्षेत्र में रुकने वाले श्रद्धालुओं के लिए शौचालय, पेयजल की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने सरकारी स्तर पर मेला अनुदान फिर से शुरू करने करने का आग्रह किया, जिस पर सीएम ने आचार संहिता हटने के बाद इस पर विचार करने का भरोसा दिलाया।
ये रहे मौजूद
बैठक में मंदिर समिति के सचिव सुरेश तिवारी, पूर्व अध्यक्ष भुवन पांडे, चेयरमैन विपिन कुमार, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी भगवत पाटनी, डीएफओ बाबू लाल, मदन सिंह, सीओ ऑपरेशन अभिनय चौधरी, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल आदि थे।
डीएम के बैठक में नहीं आने पर जताई नाराजगी
टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टनकपुर के दौरे को सोमवार पूर्वाह्न ही अंतिम रूप दिया गया। मां पूर्णागिरि धाम के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने मेले की तैयारियों की समीक्षा की। कोरोना संक्रमण की वजह से 2020 और 2021 में ये मेला बुरी तरह प्रभावित रहा। 2019 के बाद पहली बार ये मेला तीन महीने के लिए आयोजित किया जा रहा है। मेले की तैयारी बैठक में डीएम की गैर मौजूदगी पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। वहीं अवकाश में होने के चलते एसपी देवेंद्र पींचा भी मौजूद नहीं थे।
पत्रकार वार्ता : पूर्णागिरि पहाड़ी की दरार भरने के लिए मुहैय्या होगा बजट: धामी
टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में स्थायी रूप से स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। तैयारी बैठक निपटने के बाद हुई संक्षिप्त पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि धाम की पहाड़ी के ट्रीटमेंट में तेजी लाने के साथ आचार संहिता खत्म होने के बाद बजट मुहैय्या कराया जाएगा। सीएम धामी ने कहा कि आचार संहिता हटने के बाद पूर्णागिरि धाम में रोपवे के काम में तेजी आएगी। मेले के जरिये प्रदेश के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।