लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज लोहाघाट डिपो की बस में खराबी आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बस के बीच रास्ते में खराब होने से यात्रियों को दिक्कत हो रही है। दिल्ली से लोहाघाट की ओर आ रही रोडवेज बस मंगलवार देर रात बीच रास्ते में खराब हो गई। घंटों इंतजार के बाद बस सही न होने पर यात्रियों को उनका किराया वापस किया गया। उसके बाद धक्के खाकर यात्री अन्य वाहनों से लोहाघाट पहुंचे।
बस चालक जगदीश राम और परिचालक आत्म प्रकाश लोहाघाट डिपो की बस नंबर यूके 07 पीए 4184 से सवारियां लेकर दिल्ली से लौट रहे थे। इसी दौरान बस में तकनीकी खराबी आ गई और बस बीच रास्ते में बंद हो गई। परिचालक आत्म प्रकाश ने बताया कि बस रात 11 बजे दिल्ली से लोहाघाट के लिए चली। 12 बजे गाजियाबाद टोल के पास क्लच सिलिंडर खराब होने से बंद हो गई। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक मैकेनिक की ढूंढ खोज के बाद भी वह नहीं मिला। करीब 2.30 बजे बस में सवार 19 यात्रियों को टिकट का पैसा वापस किया गया। देर रात इस रूट पर उत्तराखंड परिवहन की बस नहीं होने से यात्री यूपी की बस से रुद्रपुर तक आए। वहां से टनकपुर और लोहाघाट पहुंचे। बस में खराबी के चलते बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।