बनबसा (चंपावत)। उदयपुर (राजस्थान) में होने वाली तृतीय राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2023 के लिए उत्तराखंड की टीम वहां पहुंच गई है। टीम में चंपावत जिले के तीन दिव्यांग खिलाड़ी भी प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें बनबसा के दो और टनकपुर से एक खिलाड़ी को राज्य की टीम में खेलने का मौका मिला है।
टीम के प्रबंधक (मैनेजर) नवीन चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम एक अक्तूबर को गुजरात के साथ खेलेगी। बनबसा के भजनपुर निवासी संदीप रस्तोगी और चंदनी निवासी विकास चंद के अलावा टनकपुर आयुर्वेदिक चिकित्सालय के फार्मासिस्ट अंकित शुक्ला प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए उदयपुर पहुंच गए हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की टीम के कप्तान नरेंद्र सिंह और कोच फतेह सिंह राणा हैं। टीम में उपकप्तान तुषार रमोला के अलावा अंकित लाल, कुंदन राम, पवन, दीपक, मोहित खत्री, दिलीप, नेपाल सिंह, अक्षय और राकेश वर्मा हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश भर की 24 टीम प्रतिभाग कर रही हैं। संवाद