विकासखंड बाराकोट के पम्दा क्वांरकोली निवासी शिक्षक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि शिक्षक कुछ समय से अवसाद में थे। उनके घर में पत्नी और दो बेटे हैं।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांस में तैनात शिक्षक मनोज कालाकोटी (35) बृहस्पतिवार को घर से विद्यालय जाने की बात कहकर निकले थे लेकिन वह विद्यालय नहीं पहुंचे। शुक्रवार को बाराकोट से करीब तीन किमी पहले लड़ीधूरा मंदिर गेट से कुछ दूरी पर शिक्षक का शव पेड़ पर लटका मिला। मवेशी चराने जंगल गए युवक ने फंदे पर लटका शव देख ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
एसओ मनीष खत्री के दिशा निर्देशन में एसआई रमेश चंद्र तिवारी, एसआई बबीता, कांस्टेबल ललित रावल ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। एसओ मनीष खत्री का कहना है कि परिजनों ने बताया कि शिक्षक करीब एक माह से मानसिक रूप से परेशान थे।
मृतक के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। एसआई रमेश चंद्र तिवारी ने शव का पंचनामा भरा। इसके बाद डॉ. जितेंद्र जोशी ने शव का पोस्टमार्टम किया।