लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के ग्राम पंचायत मझेड़ा के जंगल में नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लोहाघाट थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम को मझेड़ा के प्रधान सूचना दी कि ग्राम खेतीगाड़ के जंगल में गधेरे में पानी की टंकी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का कंकाल पड़ा है। सूचना पर एसएसआई चेतन रावत टीम के साथ मौके में पहुंचे। उन्होंने बताया कि अज्ञात कंकाल को शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट मोर्चरी में रखा गया है।
कंकाल के पास काले रंग का लोअर पड़ा मिला है जिसमें एडीडास का लोगो बना हुआ है। इसके अलावा काले कलर का अपर, ग्रे-रंग की धारीदार टी-शर्ट, भूरे रंग की हाफ बाजू का स्वेटर, भूरे रंग के ही बिना फीते के जूते बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि शिनाख्त के लिए उसे 72 घंटे मोर्चरी में रखा गया है। संवाद