चंपावत। दिवाली को देखते हुए व्यवस्था को सुचारु करने के लिए कोतवाली पुलिस ने व्यापारियों से सुझाव लिए। तमाम व्यापारियों ने भीड़भाड़ होने की स्थिति में यातायात को जीआईसी तिराहे से डायवर्ट करने का सुझाव दिया। पुलिस ने फड़ कारोबारियों को तय स्थान पर ही दुकान लगाने की हिदायत दी। बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष विजय चौधरी, उपाध्यक्ष सतीश तिवारी, महामंत्री नवल जोशी, कोषाध्यक्ष केदार जोशी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष गोपाल सिंह भंडारी, विकास साह, सभासद रोहित बिष्ट, मोहन भट्ट, आदर्श भट्ट, आनंद अधिकारी आदि मौजूद थे।
चंपावत में वाहनों की अफरातफरी, लगा जाम
चंपावत। दिवाली से तीन दिन पहले चंपावत में बाजार काफी भीड़ रही। चंपावत मोटर स्टेशन पर सुबह से काफी देर तक वाहनों की अफरातफरी रही। इससे कुछ देर के लिए जाम की नौबत भी आई। कोतवाल धीरेंद्र कुमार का कहना है कि आवाजाही को सुचारु करने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे है। पर्व के मद्देनजर यातायात और पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
शांति व्यवस्था बनाए रखने में करें पुलिस का सहयोग
डीहीहाट (पिथौरागढ़)। दीपावली में शांति व्यवस्था और कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करने के लिए सीओ ओम प्रकाश शर्मा ने व्यापारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग की अपील की। लोगों ने धनतेरस, महालक्ष्मी पूजा के दिन सुबह से ही मुख्य बाजार में गश्त करने की मांग की। बैठक में एसआई मनोज धौनी, पूजा रानी, रवींद्र पांगती, हरेंद्र चुफाल, कविंद्र शाही, ललित भंडारी, मनोज शाह, पंकज चुफाल आदि मौजूद रहे। संवाद
धनतेरस, दीपावली के लिए बाजार सजा
टनकपुर (चंपावत)। शहर में धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार सज गया है। कोरोना संकट की मार झेल चुके दुकानदारों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली पर कारोबार अच्छा होगा। सजावट के सामानों के साथ ही बर्तनों की दुकानें, सोना-चांदी के आभूषणों की दुकानें, मूर्तियों, कपड़ों की दुकानों के साथ ही मोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स, फर्नीचर, मोटरसाइकिल और स्कूटी एजेंसियों को विशेष रूप से सजाया गया है। दीपावली पर्व के लिए व्यापारी पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हैं। संवाद
फोटो 11 टीएनपी 05 पी।
मुख्य बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध
टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। धनतेरज और बाजार में ग्राहकों की भीड़ के बीच कोरोना संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बुधवार को प्रशासन ने मुख्य बाजार की सड़क के बीचोंबीच लगे ठेले उचित दूरी पर लगाए। बृहस्पतिवार को मुख्य बाजार की सड़क पर किसी भी तरह के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
एसडीएम हिमांशु कफल्टिया और सीओ विपिन चंद्र पंत ने बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष एसएसआई योगेश दत्त ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुख्य बाजार की सड़क पर किसी भी तरह के वाहनों के प्रवेश को पूर्णरूप से प्रतिबंधित किया गया है। संवाद
बनबसा में प्रशासनिक अधिकारियों ने बाजार का सर्वे किया। तय किया गया कि श्री पूर्णागिरि इंटर कॉलेज मैदान पर पटाखों की दुकानें लगाई जाएंगी। भीड़ बढ़ने पर मुख्य बाजार में वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी। एसडीएम हिमांशु कपल्टिया के नेतृत्व में सीओ बीसी पंत, कोतवाल धर्मवीर सोलंकी, पंचायत के ईओ डॉ. सुबोध रंजन ने बनबसा बाजार का संयुक्त निरीक्षण किया। व्यापारियों से दुकानों में सफाई रखने और ग्राहकों को मास्क पहने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि बनबसा में भीड़ नहीं होने से इस बार प्रशासन को अधिक कसरत नहीं करनी होगी। भीड़ बढ़ने पर मुख्य बाजार में वाहनों पर रोक लगाई जा सकती है।