भारी बारिश के चलते एनएच बंद होने से लोाहघाट रोडवेज स्टेशन में खड़ी बस। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। क्षेत्र में चार दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश होने से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। इससे रोडवेज बस के पहिए थमे हैं। बस का संचालन न होने से रोडवेज को पांच लाख से अधिक रुपये का नुकसान हो गाया है। बस संचालन नहीं होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा।
डीएम नवनीत पांडे के दिशानिर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग रूट डायवर्जन कर तीन बसों का संचालन वाया देवीधुरा हल्द्वानी से कर रहा है। रोडवेज डिपो लोहाघाट हर रोज 13 बसों का संचालन करता है, लेनिक एनएच बंद होने से बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। रोडवेज के एजीएम नरेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से मैदानी क्षेत्रों से लोहाघाट डिपो को आने वाली नौ बसों को टनकपुर में रोका गया है। रविवार को लोहाघाट -दिल्ली, देहरादून, हल्द्वानी के लिए परिवहन निगम की बस यात्रियों को लेकर लोहाघाट से रवाना हुई। इधर, बाया देवीधुरा से बस का संचालन होने पर यात्रियों को थोड़ी राहत है। तीन बसों के संचालन से यात्रियों के आवागमन थोड़ा सुगम है।