चंपावत में धौन के समीप एनएच में मलबा आने से दो घंटे तक बंद रही वाहनों की आवाजाही।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। टनकपुर और चंपावत के बीच एनएच पर धौन के पास मलबा आने से बुधवार को दो घंटे तक वाहनों का आवागमन बंद रहा। इस कारण एनएच के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यात्रियों के साथ ही वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में कार्यदायी संस्था की ओर से जेसीबी की सहायता से मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया जा सका। हालांकि जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में किसी प्रकार की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार को धौन से नीचे कार्यदायी संस्था की ओर से पहले से ही मलबा हटाया जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे एनएच पर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। एनएच खंड लोहाघाट के एई एनसी पांडेय ने बताया कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण आए मलबे को हटाने का कार्य किया जा रहा है। इसी दौरान कार्यदायी संस्था की ओर से कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक कर मलबा हटाया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों की नौ सड़कें अभी भी हैं बंद
चंपावत। जिले में अक्तूबर में आई दैवी आपदा के कारण ग्रामीण क्षेत्र की नौ सड़कें अब भी मलबे से बंद हैं। इसमें पीएमजीएसवाई की चमदेवल-निडिल, सिप्टी-अमकड़िया, धौन-बडोली, अमोड़ी-छतकोट, खटोली-वैला, धौन-दियूरी-बजौन, लोनिवि की चमदेवल-जाख-गजीना, बांकू-सुल्ला-पासम, धूनाघाट-ब्रह्मतोड़ा मोटर मार्गों से मलबा नहीं हटाया जा सका है। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।