एनएचपीसी के जीएम राजीव सचदेवा। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन ने देय लक्ष्य से अधिक बिजली का उत्पादन कर रिकॉर्ड कायम किया है। वर्ष 2021-22 में देय लक्ष्य 484 मिलियन यूनिट के सापेक्ष पावर स्टेशन ने 31 मार्च तक 540 मिलियन यूनिट बिजली बनाई है। इस तरह पावर स्टेशन ने लक्ष्य से 56 मिलियन यूनिट अधिक बिजली का उत्पादन किया है।
पावर स्टेशन के मुखिया महाप्रबंधक राजीव सचदेवा ने बताया कि ऊर्जा मंत्रालय और एनएचपीसी निगम मुख्यालय के निर्देश पर यहां के पावर स्टेशन को एक अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 तक 484 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य दिया गया था। पावर स्टेशन ने देय लक्ष्य से 56 मिलियन यूनिट अधिक कुल 540 मिलियन यूनिट बिजली बनाई है। इसके लिए महाप्रबंधक सचदेवा ने टनकपुर पावर स्टेशन के अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि लीन पीरियड में पावर स्टेशन की तीनों टरबाइन का रखरखाव करने के लिए 105 दिनों का समय दिया गया था, जिसे पावर स्टेशन की टीम ने 87 दिनों में पूरा कर लिया है। उन्होंने बताया कि इन दिनों नदी में पानी बढ़ने से तीनों टरबाइन चलाकर प्रतिदिन लगभग 73 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही नदी का जलस्तर बढ़ेगा तो पावर हाउस का उत्पादन भी और अधिक बढ़ने लगेगा। इन दिनों शारदा नदी में 6713 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। पूरा पानी मिलने पर पावर स्टेशन में 99 मेगावाट तक बिजली का उत्पादन आसानी से किया जाता है।