रेल विभाग के अतिक्रमण विरोधी अभियान के विरोध में तहसीलदार को ज्ञापन देते लोग। संवाद न्यूज एजेंस?
- फोटो : CHAMPAWAT
टनकपुर (चंपावत)। रेलवे ने अपनी जमीन से 10 जनवरी को अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है। इसे लेकर रेल विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को प्रशासन के अफसरों के साथ मंत्रणा की। इससे पूर्व रेलवे रेल लाइन के नजदीक सात निर्माणों को हटाने का नोटिस दे चुका है।
वहीं लोगों का आरोप है कि रेलवे गलत तथ्य पेश कर उनके निर्माणों को तोड़ने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर कुछ लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। काबिज लोगों का दावा है कि मामला अभी अदालत में विचाराधीन है और 17 जनवरी को इसकी सुनवाई भी होनी है। इन लोगों ने रेलवे पर गलत तथ्य प्रस्तुत कर प्रशासन को गुमराह करने का आरोप लगाया है। ज्ञापन देने वालों में खुर्शीदा बेगम, अख्तरी बेगम, तुलसी गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, प्रतिभा अग्रवाल आदि शामिल हैं। उधर एसडीएम हिमांशु कफल्टिया का कहना है कि प्रकरण की समीक्षा कर कार्रवाई की जाएगी।