पिथौरागढ़/थल/चंपावत। घरेलू रसोई गैस सिलिंडर के दाम में हजार के पार पहुंच गए हैं। रसोई गैस सिलिंडर में शनिवार को 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद सिलिंडर की कीमत 1043 रुपये हो गई है जबकि एक माह पूर्व रसोई गैस सिलिंडर के दाम 993 थे।
पिथौरागढ़ की गैस प्रबंधक उषा राणा ने बताया कि लंबे समय बाद गैस सिलिंडर में 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। थल में रसोई गैस सिलिंडर के दाम 1037 रुपये पहुंच गए हैं जबकि पहले यहां पर 989 रुपये में रसोई गैस सिलिंडर रीफिल होता था। उपभोक्ता भुवन चंद्र भट्ट का कहना है कि लोगों को मजबूरी में गैस सिलिंडर लेना पड़ रहा है। उसमें भी तोल सही नहीं होता है। थल गैस प्रबंधक राजेंद्र सिंह मेवाड़ी का कहना हैं कि लोगों को सिलिंडर तौल कर लेना चाहिए।
चंपावत जिले में घरेलू सिलिंडर में शनिवार को 50 रुपये की वृद्धि होने से अब 14.200 किलो का सिलिंडर 1037.50 रुपये का हो गया है।
इस साल हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पहली बार 22 मार्च को कीमतों में इजाफा हुआ था। अब दूसरी बार सात मई को फिर से कीमतों में वृद्धि हुई है। चुनाव बाद रसोई गैस सिलिंडर 100 रुपये महंगा हो गया है। वहीं चुनाव बाद से व्यावसायिक सिलिंडर में 342 रुपये बढ़ गए हैं। चंपावत गैस वितरण केंद्र के प्रभारी प्रकाश मुरारी ने बताया कि 14.200 किलो का घरेलू गैस सिलिंडर 50 रुपये बढ़कर 1037.50 रुपये का हो गया है जबकि पांच किलो के घरेलू सिलिंडर की कीमत 18 रुपये की वृद्धि होने से 382.50 रुपये हो गई है।
जोड़-बिर्थी में 1065 रुपये का हुआ सिलिंडर
पिथौरागढ़। घरेलू रसोई गैस सिलिंडर में 50 रुपये की वृद्धि के बाद मुनस्यारी के बिर्थी में सिलिंडर के दाम 1065 हो गए हैं जबकि मुवानी में सिलिंडर के दाम 1062 रुपये हैं। नाचनी में अब लोगों को सिलिंडर 1011, तेजम में 1030 रुपये में खरीदना होगा जबकि गंगोलीहाट नगर में रसोई गैस सिलिंडर में 990 का मिलने लगा है जबकि अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में सिलिंडर के लिए लोगों को 30 से 80 रुपया अधिक भाड़ा देना होगा। इसके बाद लोगों को सिलिंडर 1030 और 1070 का मिलेगा।
चंपावत में गैस सिलिंडर का तुलनात्मक मूल्य
सिलिंडर वजन कीमत (21 मार्च) (22 मार्च) (7 मई)
14.200 किलो घरेलू 937.50 987.50 1037.50
5 किलो घरेलू 347.50 364.50 382.50
19 किलो व्यावसायिक 2091.50 2083.50 2433.50
बेतहाशा महंगाई से मुश्किलें बढ़ गई हैं। हर घर की महिलाओं को अपने रसोई के बजट में कटौती करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। - गीता शर्मा, गृहिणी, पिथौरागढ़।
लगातार बढ़ते रसोई गैस सिलिंडर के दाम चिंता का सबब है। सरकार जरूरी चीजों के दाम बढ़ाकर आम लोगों को मुश्किल में डाल रही है। - गीता देवी, गृहिणी, थल।
डीजल-पेट्रोल से लेकर गैस सिलिंडर तक की कीमत में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने जीना मुहाल कर दिया है। इससे हर माह मोटी चपत लग रही है। - कमल बोहरा, चंपावत।
विधानसभा चुनाव बाद मार्च से डेढ़ महीने में ही घरेलू गैस सिलिंडर में 100 रुपये का इजाफा होने से रसोई का बजट गड़बड़ा रहा है। बढ़े दाम वापस लिए जाने चाहिए। - कमला चंद, टनकपुर।