पाटी में बीडीओ के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजते ग्राम प्रधान। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : TANAKPUR
चंपावत/पाटी। जिला मुख्यालय चंपावत और पाटी में ग्राम प्रधानों ने अगले माह होने वाले मनरेगा ऑडिट को स्थगित करने की मांग को लेकर डीएम विनीत तोमर को ज्ञापन सौंपा। ग्राम प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष मनोज तड़ागी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में तीन अप्रैल से होने वाले मनरेगा सोशल ऑडिट को जून में संपन्न कराने का आग्रह किया है।
प्रधानों का कहना है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में मनरेगा कर्मियों की हड़ताल और उसके उपरांत तीन माह कोरोना के साथ चुनावी आचार संहिता लगने से मनरेगा के सभी कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे हैं। साथ ही 2022-23 में केंद्र सरकार की ओर से 25 फीसदी बजट में कटौती की गई है, जिसके कारण मनरेगा कार्यों में शिथिलता आई है। पाटी में सोमवार को ब्लाक कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रधानों ने सहायक खंड विकास अधिकारी सुभाष चंद्र लोहनी के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा, जिसमें तीन अप्रैल से होने वाले सोशल ऑडिट का सभी प्रधानों और प्रधान संगठन ने विरोध किया, साथ ही सोशल ऑडिट को जून में कराने का अनुरोध किया गया। वहां प्रधान संगठन अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष हेम शर्मा, दीपक सिंह, निशा देवी, नीमा देवी, मदन सिंह आदि थे।