ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर विधायक समर्थक और विरोधी आपस में भिड़ गए। विधायक कैलाश गहतोड़ी के मतदान केंद्र परिसर में आते ही बवाल मच गया। विधायक की ओर से पुलिस से बेवजह एकत्र हुए बाहरी लोगों को बाहर निकालने को कहने पर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक और मारपीट शुरू हो गई। इस पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। बमुश्किल दोनों पक्षों को बैैरिकेडिंग स्थल से हटाया जा सका।
बुधवार को मतदान परिसर में सुबह से ही गहमा-गहमी का माहौल रहा। परिसर के पास लगी बैरिकेडिंग के पास दोनों पक्षों के समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सुबह करीब पौने 11 बजे विधायक पूरे दलबल के साथ मतदान केंद्र के करीब सौ मीटर परिधि के पास लगे पिकेट पर पहुंचे। लोगों के मुताबिक बैैरिकेडिंग पर समर्थकों की भीड़ को देखकर विधायक नाराज हो गए।
विधायक ने एसडीएम अनिल गर्ब्याल और सीओ ध्यान सिंह को बाहरी व्यक्तियों को बाहर करने के निर्देश दे दिए। इस पर रेखा देवी के समर्थक ने विधायक को ही बाहर करने के लिए कह दिया। देखते ही देखते समर्थकों के बीच माहौल धक्का-मुक्की में तब्दील हो गया। कुछ ही देर में समर्थकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूसे चलने लगे।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस को समर्थकों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मतदान केंद्र के चार सौ मीटर दूर कोतवाली चबूतरे के पास बैरियर लगा दिया। उसके बाद विधायक गहतोड़ी भी मौके से चले गए।