चंपावत। जिले में सभी परिवारों तक पेयजल पहुंचाने के लिए संचालित हर घर नल योजना के तहत विभिन्न स्थानों में पेयजल लाइन बिछाए जाने का कार्य जारी है। लेकिन कई स्थानों में पाइप लाइन को जमीन में दबाने के बजाए हवा में बिछाया जा रहा है। जिससे पहली ही बरसात में पाइप लाइन बाहर दिखने लगी हैं।
जिले की नायल ग्राम पंचायत में भी अब तक पेयजल सुविधा से वंचित तोकों तक लाइन बिछाए जाने का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहली ही बारिश में मिट्टी बहने से पाइप लाइन बाहर दिखने लगी हैं। इससे ग्रामीणों को पैदल चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण प्रकाश चंद्र, हरीश चंद्र, गिरीश चंद्र, दीपक चंद्र, बची राम, शंकर दत्त आदि ने कार्यदायी संस्था जल संस्थान के अधिकारियों और ठेकेदार से पेयजल योजना को जमीन में गहराई में दबाने की मांग उठाई है। इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विलाल युनूस का कहना है कि ठेकेदार को पाइप लाइन को निर्धारित गहराई में डालने के निर्देश दिए गए हैं।