बनबसा (चंपावत)। चौथी राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए राज्य की टीम का चयन कर लिया गया है। इसमें कुमाऊं से 10 एवं गढ़वाल मंडल से 14 खिलाड़ियों का विभिन्न श्रेणियों में चयन किया गया है। राज्य की टीम 24 से 26 दिसंबर तक ओडिशा के भुवनेश्वर में प्रस्तावित चौथी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
राज्य पैरा बैडमिंटन एसोसिएशन के संयोजक प्रेम कुमार ने बताया कि 30 नवंबर को देहरादून स्थित स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित चयन ट्रायल के आधार पर राज्य की पैरा बैडमिंटन टीम का चयन किया गया। इसमें डब्लू वन श्रेणी में नीरज गोयल, राकेश कुमार एवं कमल हसन, डब्लू टू में प्रेम कुमार, मनु सिंह चुने गए।
एसएल थ्री एवं फोर श्रेणी में बलजीत सिंह, अभिषेक कुमार, नितेश भंडारी, शरद जोशी, गौरव नयाल, विनोद रावत, मनोज सरकार, शिव सिंह, गौरव पांड्या, सिद्धांत भारद्वाज, दिनेश कुमार, दशरथ खड़ायत, रोहित कार्की चयनित हुए हैं। एसयू फाइव श्रेणी में वंश उपाध्याय, अमन कुमार, चिराग बरैठा, रवि पाल, किशन कुमार, आशीष हालदार को चुना गया है।
चयनित खिलाड़ी काशीपुर, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, अल्मोड़ा, नैनीताल, बाजपुर, पौढ़ी गढ़वाल, हरिद्वार, देहरादून के हैं। उत्तराखंड राज्य की पैरा बैडमिंटन टीम के चयन में आशिका रतूड़ी, पैरा कोच आदेश डबराल, अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी संदीप चौधरी ने सहयोग दिया। राज्य की समाजसेविका सिंधु गुप्ता ने राज्य की टीम में चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और विजयी होकर लौटने पर सम्मानित करने का आश्वासन दिया।