बनबसा/टनकपुर/चंपावत। बारिश से जगह-जगह पेड़ गिरने से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। क्षेत्र में करीब 12 घंटे बिजली गुल रही। इससे पेयजल संकट के साथ बिजली आधारित कारोबार पर असर पड़ा। पानी नहीं आने से सुबह के समय गृहिणियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह पेड़ गिरने से बिजली तार टूट गए। यूपीसीएल के एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि भजनुपर में 33 केवी के बिजली तारों पर पेड़ गिरने से छह पोलों के तार टूट गए। सेना छावनी क्षेत्र में कैंटीन के पास साल का पेड़ गिरने से सात पोलों की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। बताया कि बरसात में विभाग को काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकारी कार्यालयों के कामकाज भी प्रभावित रहे। जरूरत पर लोगों ने मजबूर होकर जनरेटर चलवाकर महंगे दामों में फोटो काॅपी कराई। कंप्यूटर काम नहीं करने से कई सरकारी विभागों के काम काज भी प्रभावित हुए। इधर चंपावत में भी बिजली कई बार आंख मिचौली खेलती रही। संचार सेवा दुरुस्त नहीं होने के कारण लोग अपनों से बात नहीं कर पाए।