बैठक के बाद एकजुट रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारी। (विज्ञप्ति)
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी कल्याण समिति ने बैठक कर 17 सितंबर को काशीपुर में प्रस्तावित एक दिवसीय अधिवेशन में ईपीएस-95 पेंशन धारकों की पेशन बढ़ाने की मांग प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया है। संगठन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अधिकतम संख्या में अधिवेशन में शामिल होने काशीपुर चलने की अपील की है।
बैठक में कहा गया कि देशभर के विभिन्न विभागों से जुड़े 67 लाख ईपीएस-95 पेंशनधारक लंबे समय से पेंशन बढ़ाने के लिए संघर्षरत हैं। करीब 194 विभागों से जुड़े पेंशनधारक देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर, रामलीला मैदान, ईपीएफओ मुख्यालय में आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन केंद्र सरकार और श्रम मंत्रालय की ओर से सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिला है।
संगठन के पदाधिकारी सांसद हेमा मालिनी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भी मांग रख चुके हैं। फिर भी समस्या नहीं सुलझी। समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश की अध्यक्षता में सचिव खीमानंद जोशी ने संचालन किया। बैठक में संरक्षक लीलाधर शर्मा, कोषाध्यक्ष मोहनदेव भट्ट, पीएन पांडेय, नवलकिशोर आदि थे।