शारदा के डाउन स्ट्रीम में वन निगम के तौल कांटे पर धरना-प्रदर्शन करते खनन कारोबारी और वाहन स्वामी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर बैराज से नेपाल के लिए निर्मित हो रही नहर निर्माण कार्य में खनिज ढुलान के लिए स्थानीय वाहन लगाने और शारदा के अप स्ट्रीम में खनन खोलने की मांग को लेकर खनन कारोबारियों और वाहन स्वामियों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने डीएम, डीएफओ, एसपी, एसडीएम और सीओ को ज्ञापन भेजा।
मां शारदा शक्तिमान ट्रक खनन यूनियन के बैनर तले खनन कारोबारी नदी के डाउन स्ट्रीम में वन निगम के तौल कांटे पर धरने पर डटे रहे। खनन कारोबारी शारदा के अप स्ट्रीम में खनन पर रोक लगाने और नेपाल के लिए निर्मित हो रही नहर के निर्माण कार्य में ठेकेदार कंपनी द्वारा बाहर से वाहनों को लगाने से आक्रोशित हैं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की गलत नीतियों के कारण खनन कार्य से जुड़े छोटे कारोबारियों का लगातार अहित किया जा रहा है। धरना देने वालों में शक्तिमान ट्रक खनन यूनियन के अध्यक्ष आनंद सिंह महर अन्नी, महेश सिंह, अमजद हुसैन, चंद्रमोहन सिंह, दीपक जोशी, मुकेश साहू, नरेश सकारी, भीम रजवार, दान सिंह भाकुनी, नवीन जोशी, जगदीश चंद समेत काफी संख्या में कारोबारी शामिल हैं।