जीवीके ईएमआरआई (इमरजेंसी मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूृट) की ओर से संचालित आपात चिकित्सा सेवा 108 को एक माह का सेवा विस्तार मिल गया है। पहले जीवीके कंपनी की आपात चिकित्सा सेवा का अनुबंध 31 मार्च को खत्म हो रहा था।
आपात चिकित्सा सेवा 108 के जिला समन्वयक रजत उनियाल ने बताया कि अब ये कंपनी 108 सेवा और खुशियों की सवारी का संचालन 30 अप्रैल तक करेगी। सरकार ने 2008 से शुरू इस आपात सेवा के संचालन का जिम्मा इस साल एक अप्रैल से कम्युनिटी एक्शन थ्रू मोटिवेशन प्रोग्राम (कैंप) संस्था को दिया था लेकिन संस्था की तैयारी पूरी नहीं होने से इस आपात सेवा को एक माह का विस्तार दिया गया है।
वहीं कर्मियों की ओर सेे अवकाश का उपयोग करने से जिले की दो आपात सेवा 108 प्रभावित हो रही हैं। शनिवार को चंपावत और पाटी की सेवा दिन की शिफ्ट (सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक) में संचालित नहीं हो सकी। वहीं इस अवधि में कॉल नहीं आने से खास असर नहीं पड़ा।
आपात सेवा के समन्वयक रजत उनियाल का कहना है कि चंपावत और पाटी के चालक और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टैक्नीशियन) के अवकाश पर होने से ये सेवा दिन के वक्त संचालित नहीं हो सकी।