चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारहमासी सड़क का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। सड़क के बकाया 10 प्रतिशत काम के पूरा होने में कम से कम तीन महीने और लगेंगे लेकिन इस सड़क के लोकार्पण के लिए काम के पूरे होने का इंतजार नहीं करना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को हल्द्वानी की रैली के दौरान वर्चुअल लोकार्पण कर इस आधी-अधूरी सड़क का लोकार्पण करेंगे। चार पैकेज में से तीन का पीएम लोकार्पण करेंगे।
2017 से शुरू बारहमासी सड़क केंद्र सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। 2019 तक इस काम को पूरा होना था, लेकिन 12 मीटर चौड़ाई वाली इस सड़क का काम निर्धारित समय से दो साल बाद भी अधूरा ही है। 17 अक्तूबर को हुई मूसलाधार बारिश से सड़क को आपदा के जख्म भी झेलने पड़े। ये जख्म अब भी गहरे हैं। चार फेज में बन रही 136 किमी लंबी इस सड़क का निर्माण करीब एक हजार करोड़ रुपये से हो रहा है।
टनकपुर-चंपावत के बीच चल्थी में अभी पुल का निर्माण होना भी बाकी है। 120 मीटर लंबा यह पुल भी अभी अधूरा ही है। चार पैकेज वाली इस बारहमासी सड़क के पहले पैकेज टनकपुर-बेलखेत (41 किमी) का काम तो अधूरा है ही, शेष तीन पैकेज में भी छिटपुट काम बाकी है। इनमें अक्तूबर की आपदा से भारी नुकसान भी हुआ है।
ऐसे में कई लोग पीएम के लोकार्पण पर सवाल उठा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड लोहाघाट के ईई सुनील कुमार ने बताया कि टनकपुर-पिथौरागढ़ तक बारहमासी सड़क के चार पैकेज में से तीन में 90 फीसदी काम पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सड़क का लोकार्पण करेंगे। बस्तिया से बेलखेत तक पहले चरण में चल्थी पुल सहित अन्य कार्य अभी पूरे होने हैं।
पीएम इन पैकेजों का करेंगे लोकार्पण
बेलखेत-चंपावत 35 किमी
तिलोन-च्यूरानी 28 किमी
च्यूरानी-एचोली 32 किमी
बारहमासी सड़क का लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों होना गौरव की बात है। इस परियोजना का 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। कई लोगों को इस सड़क का लाभ मिल रहा है।
- पूरन सिंह फर्त्याल, विधायक, लोहाघाट।
बारहमासी सड़क का काम समय पर तो पूरा नहीं हो सका, लेकिन सड़क के लोकार्पण की केंद्र सरकार को जल्दी है। अधूरी सड़क का लोकार्पण कर भाजपा लोगों का हित नहीं, चुनावी लाभ उठाने की मंशा रखती है।
- हेमेश खर्कवाल, पूर्व विधायक, चंपावत।