लोहाघाट/चंपावत। लोहाघाट विधानसभा के बच्चों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट में बाल रोग विशेषज्ञ नहीं होने से बच्चों के इलाज में दिक्कत आ रही है। इलाज के लिए क्षेत्र के बच्चों को जिला अस्पताल चंपावत ले जाना पड़ता है।
वर्तमान में जिला अस्पताल चंपावत में एसीएमओ और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर भट्ट बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अस्पताल में तैनात एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ का अनुबंध समाप्त होने के बाद बच्चों के इलाज में दिक्कत आने लगी। इस समस्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए एसीएमओ और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. भट्ट को जिम्मेदारी दी।
पिछले कुछ समय से वह दो दिन लोहाघाट अस्पताल और चार दिन जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज कर रहे थे लेकिन विभागीय कार्यों के कारण उनके लिए लोहाघाट अस्पताल जाकर बच्चों का इलाज कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
ऐसे में अब जिला अस्पताल में ही बच्चों का इलाज कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती के लिए निदेशालय को पत्र लिखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सामने भी इस समस्या को रखा गया है। संवाद