लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के ग्राम सभा इजड़ा की आपदा में क्षतिग्रस्त पेयजल योजना सही न होने पर गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर योजना को जल्द चालू करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना था कि केंद्र सरकार ने हर घर नल हर घर जल योजना के तहत नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन उनमें कब पानी आएगा, इसका कोई पता नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि अक्तूबर में आई आपदा के बाद गांव की सलना इजड़ा पेयजल योजना में एक दिन पानी चला उसके बाद बंद हो गया।
विभागीय अभियंता से संपर्क करने के बाद वह जल्द पानी आने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। पानी न होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने एक सप्ताह के भीतर पेयजल लाइन सुचारु न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इधर जल संस्थान के अभियंता भुवन भट्ट ने बताया कि सलना-इजड़ा पेयजल लाइन काफी लंबी है, लाइन में फाल्ट नहीं मिल पा रहा है, जिसे ढूंढने के लिए कर्मचारी लगे हैं। शीघ्र लाइन ठीक कर पेयजल समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। प्रदर्शन में केदार सिंह, सुमित माहरा, अमर सिंह, भवान सिंह, धनेश्वर सिंह आदि शामिल रहे।
लिफ्ट पेयजल योजना की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त
लोहाघाट (चंपावत)। एसडीएम कोर्ट परिसर के पास जल संस्थान की पेयजल योजना जमीन के भीतर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे नगर के कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रही। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पंपिंग योजना के करीब 15 घंटे बंद करना पड़ा। जल संस्थान क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को सुचारु करने में जुटा है।
चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना की छह इंच मोटी मुख्य पेयजल लाइन एसडीएम कोर्ट परिसर के पास जमीन के भीतर शुक्रवार दोपहर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे नगर के मीना बाजार, खड़ी बाजार, चांदमारी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रही। बताया कि पेयजल लाइन दीवारों के नीचे से गुजरी है, जहां कार्य करने में कुछ दिक्कतें हो रहीं हैं।
जल संस्थान के एई पवन बिष्ट ने बताया कि पेयजल योजना ठीक करने के कारण लिफ्ट पेयजल योजना के पंप शुक्रवार को 10 घंटे और शनिवार को पांच घंटे बंद रहे। क्षतिग्रस्त लाइन को चिह्नित कर उसे सुधारने का कार्य शुरू कर दिया गया है। रविवार को जलापूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है। उन्होंने जलापूर्ति बाधित होने पर लोगों से सहयोग की अपील की है।