नेपाल से पशु तस्करी का धंधा जोरों पर चल रहा है। एसएसबी के गश्ती दल ने नेपाल से लाई जा रही आठ भैंसों को पकड़कर कस्टम विभाग के खटीमा कार्यालय के सुपुर्द किया है।
भारत-नेपाल के बीच पशुओं के आयात-निर्यात पर पूर्णरूप से प्रतिबंध है, लेकिन पशु तस्कर धड़ल्ले से धंधे को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार को सुबह एसएसबी की 57वीं वाहिनी की सी कंपनी ने नेपाल से पशु तस्करी के धंधे को उजागर किया है। एएसआई अशोक कुमार शर्मा के नेतृत्व में रात्रि गश्त कर रहे एसएसबी के दल को थपलियालखेड़ा गांव के पास सीमा स्तंभ संख्या 809/1/5 के पास कुछ लोग भैंसों को लेकर भारत की ओर आते दिखाई पड़े। ललकराने पर तस्कर भैंसों को छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर फरार हो गए। एएसआई ने बताया कि मौके से आठ भैंसों को कब्जे में लेकर लिखित कार्यवाही कर कस्टम विभाग को सौंपा गया है। एसएसबी के कमांडेंट केसी राणा ने गश्ती दल को शाबासी देते हुए पशु तस्करी के साथ ही अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। गश्ती दल में हेड कांस्टेबल राजेश संभरवाल, कांस्टेबल इम्तियाज अहमद खान, राजकुमार, सतीश कुमार, कृष्ण कुमार, प्रकाश उराव और रंजीत कुमार शामिल थे।