क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को ठीक करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते नेपाल सीमा से लगे गांवों के
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। अंधड़ से विकासखंड के नेपाल सीमा से लगे डनगांव, कायल, डुंगराबोरा, रौंसाल आदि क्षेत्रों में विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। ऊर्जा निगम पांच दिन बाद भी क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को ठीक नहीं कर सका है। इसे सुधारने के लिए उपभोक्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। विद्युत लाइनों को जल्द चालू न करने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
मोहन चंद्र पांडेय के नेतृत्व में एकत्र ग्रामीणों ने विद्युतापूर्ति के लिए प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि नेपाल सीमा से लगे डनगांव, कायल, डुंगराबोरा, रौसाल आदि क्षेत्रों में पिछले पांच दिनों से बिजली गुल है। लोग रात में अंधेरे में रहने के लिए मजबूर हो गए हैं। कहा कि इन दिनों कई छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं चल रहीं हैं। लाइट न होने से उनकी पढ़ाई बाधित होने के साथ लोगों को भी अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में गिरीश पांडेय, राकेश कुमार, बसंत कुमार, रमेश राम, सोनू कुमार, पवन कुमार, जुबेर, राकेश पांडेय, अशोक सिंह, मनोहर राम आदि थे। इधर ऊर्जा निगम के अभियंता अशोक कुंवर ने बताया कि 18 मई को आए अंधड़ से विद्युत लाइनों पर कई पेड़ गिर गए। इससे कई लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इन्हें सुधारकर शनिवार को सभी स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल हो चुकी है। कहा कि शेष लाइनों को भी जल्द ठीक कर दिया जाएगा।