लोहाघाट (चंपावत)। धारचूला के विधायक हरीश धामी ने राजकीय पीजी कॉलेज परिसर में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करने मामले को दबाने का प्रशासन पर आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार शाम को प्रतिमा का मुआयना करने के बाद कॉलेज प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रतिमा को करीब एक माह पूर्व खंडित किया गया था, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को नहीं दी।
छात्रों द्वारा आवाज उठाने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की गई। उन्होंने प्राचार्य की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की। धामी ने प्रदेश सरकार पर मामले का संज्ञान लेते हुए प्रतिमा को खंडित करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में डीएम, एसपी को ज्ञापन भी भेजा गया है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी, प्रकाश जोशी, पिथौरागढ़ के कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, भगीरथ भट्ट, भुवन चौबे, महेश ढेक, राकेश बोरा, सुशीला बोहरा, गोविंद धौनी, जगत महर आदि थे।
लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय पीजी कॉलेज परिसर में संविधान निर्माता डा.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने रोष जताया है। संगठन ने आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। छात्र नेता इंदर ढेक की अध्यक्षता और दीपक फर्त्याल के संचालन में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब डा.अंबेडकर समाज में समरसता का भाव पैदा करने के लिए लोगों को प्रेरित करते रहते थे।
महाविद्यालय परिसर में लगी डा.अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। संदीप बगौली, रॉबिन मेहता, मुकेश चंद्र, जीवन बोहरा आदि ने आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की गई। इधर, सामाजिक कार्यकर्ता विपिन गोरखा और अंबेडकर समिति के अध्यक्ष दिवान राम आर्य ने दोषियों को शीघ्र पकड़कर कार्रवाई करने की मांग की।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। एससी-एसटी शिक्षक संघ ने लोहाघाट में डा. अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करने वाले असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग की है। एससी-एसटी शिक्षक संघ की बैठक में अध्यक्ष दयाकृष्ण बेरी ने कहा कि संविधान निर्माता ने देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया।
उनकी प्रतिमा को खंडित करना देश का अपमान है। संघ ने कहा कि यदि शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में बलबीर कोहली, गंभीर प्रसाद, नंद लाल, संजय ग्वासीकोटी, साधु ग्वासीकोटी, अजय चन्याल आदि उपस्थित थे।